नेशनल डेस्क। ब्राजील की मशहूर मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कौआना बिल्हार की दुबई में 27वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। 27 वर्षीय मॉडल की अचानक हुई मौत ने उनके परिवार, दोस्तों और लाखों प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। खास बात यह है कि कुछ समय पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी सगाई की खुशखबरी साझा की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के समय कौआना अपनी साथी बारबरा अब्रान्टेस के साथ दुबई में मौजूद थीं।
दुबई से एक दुखद खबर सामने आई है। ब्राजील की 27 वर्षीय मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कौआना बिल्हार की 27वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। इस घटना से उनके परिवार, दोस्तों और लाखों प्रशंसकों में शोक की लहर है। कुछ समय पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी सगाई की घोषणा कर नई जिंदगी की शुरुआत की खुशी साझा की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय कौआना अपनी साथी बारबरा अब्रान्टेस के साथ दुबई में थीं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बारबरा भी मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने ही सबसे पहले कौआना के परिवार को घटना की जानकारी दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हादसे का है या आत्महत्या का। दुबई पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों ने अभी तक मौत की परिस्थितियों या जांच से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। बेटी के निधन के बाद कौआना की मां डार्ला बिल्हार ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उनकी बेटी के जाने से जीवन में ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कौआना हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेंगी और वह उस दिन का इंतजार करेंगी, जब दोनों फिर से मिलेंगे।
