बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मनौना धाम जाते समय एक भीषण सड़क हादसे में युवक और उसकी बुआ की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी बुआ की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बरीपुरा गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, सत्यम सिंह (20) अपनी बुआ महेश्वरी देवी (40) और बहन मनु के साथ बाइक से बरेली के मनौना धाम जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सत्यम और महेश्वरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनु गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
