सिंगरौली। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में इन-हाउस फैकल्टी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गैर-अधिकारी से अधिकारी संवर्ग में चयन परीक्षा की तैयारी कराने वाले आंतरिक संकाय सदस्यों को सम्मानित किया गया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय में इन-हाउस फैकल्टी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन आंतरिक संकाय सदस्यों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने गैर-अधिकारी (नॉन-एक्जीक्यूटिव) से अधिकारी (एक्जीक्यूटिव) संवर्ग में चयन परीक्षा की तैयारी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता की सराहना करते हुए सम्मानित फैकल्टी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन और समर्पित प्रयासों के कारण एनसीएल ने चयन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सीईटीआई, सिंगरौली में तीन बैचों में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों से कुल 568 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिनमें एनसीएल के 138 अभ्यर्थी शामिल हैं। 24.30 प्रतिशत चयन दर के साथ एनसीएल ने कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों में सर्वोच्च सफलता दर्ज की।
