नेशनल डेस्क। नागपुर में क्रिकेट की दुनिया में नाम कमाने का सपना देख रही 17 वर्षीय अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की टीम में चयन न होने से वह मानसिक तनाव में थी। घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट में उसने लिखा, “मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ।”
महाराष्ट्र के नागपुर में 17 वर्षीय उभरती क्रिकेटर अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रतिष्ठित विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की टीम में चयन न होने के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में थी। बजाज नगर पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है, “मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ।” अदिति मूल रूप से अकोला की रहने वाली थी और क्रिकेट में करियर बनाने के उद्देश्य से अपनी मां के साथ पिछले दो वर्षों से नागपुर में रह रही थी। वह लक्ष्मी नगर स्थित एक क्रिकेट अकादमी में नियमित प्रशिक्षण ले रही थी और BCCI से जुड़ी टीम में जगह बनाने का सपना देख रही थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
