हेल्थ डेस्क। आज की व्यस्त जीवनशैली में लोग अक्सर सेहत से जुड़े छोटे-छोटे संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार यदि गले की खराश दो सप्ताह से अधिक समय तक बनी रहे, तो इसे सामान्य समस्या समझकर टालना खतरनाक हो सकता है। यह सिर और गर्दन (हेड एंड नेक) के कैंसर का शुरुआती लक्षण भी हो सकता है।
गले में लंबे समय तक रहने वाली खराश को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज करना गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यदि गले की खराश 14 दिनों से अधिक समय तक बनी रहे, तो यह सिर और गर्दन (हेड एंड नेक) कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत ईएनटी (नाक-कान-गला) विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम बदलने या वायरल संक्रमण के कारण होने वाली खराश आमतौर पर कुछ दिनों में ठीक हो जाती है, लेकिन यदि इसके साथ आवाज बैठना, मुंह में लंबे समय तक न भरने वाला छाला, खाना या पानी निगलने में दर्द और गर्दन में गांठ जैसी समस्याएं भी हों, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक तंबाकू, गुटखा, खैनी, बीड़ी, सिगरेट और अत्यधिक शराब का सेवन हेड एंड नेक कैंसर के प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा मुंह की साफ-सफाई में लापरवाही, लगातार संक्रमण और परिवार में कैंसर का इतिहास भी जोखिम बढ़ा सकता है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि यदि गले या मुंह से जुड़ी कोई समस्या दो सप्ताह से अधिक समय तक बनी रहे तो तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं। तंबाकू और शराब से दूरी रखें, संतुलित आहार लें, मुंह की स्वच्छता बनाए रखें और 40 वर्ष की उम्र के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें। समय पर पहचान होने पर हेड एंड नेक कैंसर का सफल इलाज संभव है।
