सिंगरौली। चितरंगी थाना क्षेत्र के भंडोरा रोड पर युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के भंडोरा रोड किनारे युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की शाम बल्लू यादव (24) का शव भंडोरा रोड के किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुधेश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। एफएसएल यूनिट व डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का आरोपी रामायण कोल उर्फ झुलानी कोल की पत्नी के साथ पूर्व से विवाद था। इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में रामायण कोल उर्फ झुलानी कोल (25) और प्रियंका कोल (23) दोनों निवासी भंडोरा, थाना चितरंगी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
