सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के ककरी क्षेत्र द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, सिंगरौली के सहयोग से दिव्यांग जांच एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना था।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लगभग 40 दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण और दस्तावेजों का सत्यापन किया। जांच के बाद 12 पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया, जिन्हें सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने पर उनकी आवश्यकता के अनुसार मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दौरान ककरी क्षेत्र के सीएसआर नोडल अधिकारी ने दिव्यांगजनों से संवाद कर एनसीएल की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। एनसीएल और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के बीच हुए एमओयू के तहत सिंगरौली और सोनभद्र के जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। एनसीएल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। संस्था सीएसआर के माध्यम से समाज के वंचित एवं दिव्यांग वर्ग के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
