बिहार। सुपौल जिले में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक युवक करीब 4 फीट 16 इंच लंबे मगरमच्छ को कंधे पर लादकर पुलिस थाने पहुंच गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देखे वीडियो-
सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 में धान के खेत में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित काबू में लिया। वन विभाग के देर से पहुंचने पर एक युवक मगरमच्छ को कंधे पर उठाकर भीमनगर थाने पहुंच गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने मगरमच्छ का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके प्राकृतिक आवास कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन ने बताया कि रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ की लंबाई करीब 4 फीट 16 इंच थी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ जैसे वन्यजीव खेतों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को स्वयं जोखिम उठाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
