महाराष्ट्र। चंद्रपुर जिले में अंधविश्वास और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर एक विधवा महिला को झांसे में लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 60 वर्षीय दत्तू पिसे ने वॉइस-मॉड्यूलेशन ऐप के जरिए खुद को महिला सरकारी अधिकारी और दैवीय शक्तियों से संपन्न बताकर पीड़िता को डराया तथा अपने ही साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया।
जिले के चिमूर तहसील स्थित नेरी गांव में अंधविश्वास और तकनीक का सहारा लेकर एक विधवा महिला का शोषण करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय दत्तू पिसे ने वॉइस-मॉड्यूलेशन ऐप के जरिए खुद को ‘विद्या गोखले’ नाम की महिला सरकारी अधिकारी और दैवीय शक्तियों से संपन्न बताकर पीड़िता को फोन किए। आरोपी ने महिला को डराया कि यदि उसने अपने पड़ोसी (जो स्वयं आरोपी था) के साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाए तो उसके परिवार पर दैवीय प्रकोप आएगा। महिला के पति का हाल ही में कैंसर से निधन हुआ था। पति के मोबाइल में पहले से ऑटो कॉल रिकॉर्डिंग फीचर चालू था। रिकॉर्डिंग सुनने पर महिला ने बातचीत के लहजे और आवाज से पहचान लिया कि कॉल करने वाला कोई अधिकारी नहीं, बल्कि उसका पड़ोसी दत्तू पिसे ही है। इसके बाद पीड़िता ने चिमूर थाने में शिकायत दर्ज कर मोबाइल और कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी। मामला दर्ज होते ही आरोपी गांव से फरार हो गया। पुलिस ने धोखाधड़ी, अंधविश्वास फैलाने और प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
