तिरुवनंतपुरम। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के सरकारी एसएटी अस्पताल में टॉयलेट से नवजात का शव मिलने का मामला सामने आया है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के सरकारी एसएटी अस्पताल में रविवार रात टॉयलेट से नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, अत्यधिक रक्तस्राव होने पर करीब 20 वर्षीय एक अविवाहित युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती ने अस्पताल के टॉयलेट में बच्चे को जन्म दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब वह टॉयलेट से बाहर निकली और अस्पताल कर्मियों ने उसके कपड़ों पर खून के धब्बे देखे। पूछताछ में युवती ने कथित तौर पर गर्भपात होने की बात कही। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने टॉयलेट टैंक से नवजात का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवती का अस्पताल में इलाज जारी है। तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
