जौनपुर। जिले के बरसठी थाना क्षेत्र में सबमर्सिबल पंप लगाने के लिए खोदे गए खुले गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में सबमर्सिबल पंप के लिए खोदे गए खुले गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 6 वर्षीय शिवम और 5 वर्षीय आरव के रूप में हुई है। बताया गया कि बोरवेल की खुदाई के बाद गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया। बुधवार शाम दोनों बच्चे खेलते-खेलते गड्ढे में गिर गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। दोनों बच्चे घर से करीब 100 मीटर दूर पानी और कीचड़ से भरे गड्ढे में मिले। ग्रामीण तत्काल बच्चों को अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। प्रशासन ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।
