आगरा। जिले के बासौनी क्षेत्र में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी निवासी एक पिता ने परिवार की कथित इज्जत बचाने के नाम पर अपनी 18 वर्षीय अविवाहित और कथित रूप से गर्भवती बेटी की चंबल नदी में डुबोकर हत्या कर दी। मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आगरा के बासौनी क्षेत्र में कथित ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 18 वर्षीय अविवाहित और कथित रूप से गर्भवती बेटी की चंबल नदी में डुबोकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी पिता ने स्वीकार किया कि वह 29 जुलाई को बेटी को दवा दिलाने के बहाने आगरा लाया था और अपने दामाद के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। मामले का खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी और उसके दामाद को लेकर आगरा पहुंची। पीएसी के गोताखोरों की मदद से चंबल नदी में युवती के शव की तलाश की जा रही है। बारिश और बीहड़ इलाके के कारण रेस्क्यू अभियान में परेशानी आ रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी के कबूलनामे की स्वतंत्र पुष्टि और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
