सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली ने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। निगम की ओर से जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि शासन द्वारा निर्धारित यूनिफॉर्म (ड्रेस कोड) और आईडी कार्ड पहनकर ही कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में कार्यालय नहीं आता है, तो उस दिन को अवैतनिक (बिना वेतन) घोषित किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की स्वयं होगी।
नगर पालिक निगम सिंगरौली ने कार्यालयीन अनुशासन को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड और आईडी कार्ड के साथ ही कार्यालय में उपस्थित होंगे। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित कर्मचारी का उस दिन का वेतन काटते हुए उसे अवैतनिक घोषित किया जाएगा। नगर निगम द्वारा जारी सूचना के अनुसार शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्काई ब्लू शर्ट, नेवी ब्लू पैंट तथा आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य किया गया है। कार्यालय में बिना निर्धारित यूनिफॉर्म (ड्रेस कोड) के आने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। आदेश में कहा गया है कि जिस दिन कोई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में उपस्थित नहीं पाया जाएगा, उस दिन उसे अवैतनिक माना जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी। नगर निगम ने आदेश की प्रति सभी शाखाओं एवं सूचना पटल पर चस्पा करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय रहते नियमों का पालन सुनिश्चित कर सकें। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यालय में अनुशासन, एकरूपता और कर्मचारियों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करना है। वहीं, आदेश जारी होने के बाद कर्मचारियों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई है।
