सिंगरौली। मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित पहले शिविर का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को आगामी शिविरों की व्यवस्थाओं में सुधार, लंबित आवेदनों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण और शासन की योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि शिविरों में कलेक्टर सहित अधिकारी आमजन से सीधे संवाद करें और पुलिस अधीक्षक की अनिवार्य रूप से सहभागिता सुनिश्चित की जाए। लंबित आवेदनों के साथ मौके पर प्राप्त आवेदनों का भी निराकरण किया जाए। प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करें। उन्होंने आगामी दो माह के शिविरों की तिथियां निर्धारित कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए। उद्योग संवाद में सफल उद्यमियों और स्वसहायता समूहों को शामिल करने पर भी जोर दिया गया।
