सिंगरौली। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में देशभक्ति और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महिला स्व-सहायता समूहों ने तिरंगा रैली निकालकर लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया और हर घर तिरंगा फहराने की अपील की।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत महिला स्व-सहायता समूहों ने उत्साह के साथ तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति और नशामुक्ति का संदेश दिया। महिलाओं ने लोगों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तिरंगा विक्रय एवं प्रदर्शनी स्थल भी लगाया गया है। यहां नागरिकों के लिए राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। तिरंगा खरीदने को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कलेक्टर गौरव बैनल एवं जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्सव है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। महिलाओं ने रैली के दौरान नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त समाज बनाने का संदेश भी दिया।
