मथुरा। छाता तहसील क्षेत्र के शेरगढ़ इलाके में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को दूध और पनीर डेयरियों पर बड़ी कार्रवाई की। दो टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर 2000 लीटर मिलावटी दूध और 500 किलो दूषित पनीर बरामद किया, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया।
देखे वीडियो-
छाता तहसील क्षेत्र के शेरगढ़ इलाके में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित दूध डेयरियों और पनीर सेंटरों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 2000 लीटर मिलावटी दूध और 500 किलो दूषित पनीर बरामद कर मौके पर नष्ट कराया। खाद्य विभाग ने नौ डेरी व पनीर सेंटरों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। कार्रवाई के दौरान टीम को मौके से मिल्क पाउडर, सोयाबीन रिफाइंड तेल, करीब 80 किलो टीनौपाल पाउडर और 20 किलो सोडियम हाइड्रोसल्फेट भी मिला। अधिकारियों ने मिलावटी सामग्री को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, दो अलग-अलग टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। बरामद 500 किलो दूषित पनीर की अनुमानित कीमत करीब 1.05 लाख रुपये, जबकि 2000 लीटर मिलावटी दूध की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। टीम ने पनीर के दो, दूध के दो तथा रिफाइंड पामोलिन पाउडर और सोयाबीन मिल्क पाउडर के एक-एक सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। विभाग की ओर से संबंधित डेरी संचालकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
