सिंगरौली। रक्षाबंधन पर ननिहाल जा रहे परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब माड़ा थाना क्षेत्र के रैला-चंधेरी मार्ग पर हाईवा और ईको कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको कार सवार 7 वर्षीय सूर्यांश की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए।
रक्षाबंधन का त्योहार मनाने ननिहाल जा रहे परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब माड़ा थाना क्षेत्र के रैला-चंधेरी मार्ग पर हाईवा और ईको कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ईको कार सवार 7 वर्षीय मासूम सूर्यांश की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए। बताया गया कि परिवार रक्षाबंधन के अवसर पर ननिहाल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने ईको कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और सूर्यांश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया।
