सिंगरौली। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के लिए सिंगरौली में मशरूम उत्पादन को बड़े स्तर पर विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर गौरव बैनल की पहल पर छोटे स्तर पर हो रहे उत्पादन को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर क्लस्टर आधारित व्यावसायिक मॉडल तैयार किया जा रहा है।
जिले में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए मशरूम उत्पादन को बड़े स्तर पर विकसित करने की तैयारी की जा रही है। कलेक्टर गौरव बैनल की पहल पर छोटे स्तर पर हो रहे मशरूम उत्पादन को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर क्लस्टर आधारित व्यावसायिक मॉडल के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसी संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, मशरूम उत्पादन से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञ, जिला पंचायत और ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में मशरूम उत्पादन को महिलाओं के लिए नियमित और टिकाऊ आय का माध्यम बनाने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में बटन मशरूम उत्पादन की पर्याप्त संभावनाएं हैं। इसे स्व-सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार का प्रभावी मॉडल बनाया जा सकता है। उन्होंने सीएसआर मद से सहयोग लेकर बड़े क्लस्टर आधारित उत्पादन मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए। इसमें प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग, स्पॉन और कम्पोस्ट की व्यवस्था के साथ उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण और विपणन की समेकित व्यवस्था विकसित की जाएगी। महिलाओं को तापमान व आर्द्रता नियंत्रण, स्वच्छता, स्पॉन-कम्पोस्ट प्रबंधन, फसल देखभाल, कटाई, पैकेजिंग और भंडारण सहित पूरी प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें मशरूम उत्पादन इकाइयों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इसके साथ रोग एवं कीट प्रबंधन और उत्पादन लागत कम करने की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि समूहों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए पूरी वैल्यू चेन से जोड़ा जाए। स्थानीय बाजार, होटल, रेस्टोरेंट, सब्जी विक्रेताओं और संस्थानों के साथ मार्केट लिंकेज तैयार करने पर जोर दिया गया। आगे जिले के बाहर भी उत्पाद की आपूर्ति की संभावनाएं तलाशने की योजना है। सीएसआर के सहयोग से बड़े लैब, कम्पोस्टिंग यूनिट और उत्पादन इकाई विकसित कर मशरूम उत्पादन को संगठित महिला उद्यम के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
