सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली का अतिक्रमण विरोधी अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देश पर उपायुक्त आरपी बैस के नेतृत्व में अतिक्रमण दस्ते ने शारदा लॉज के सामने सब्जी मंडी, काली मंदिर रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान में यातायात पुलिस का भी सहयोग रहा।
नगर पालिक निगम सिंगरौली का अतिक्रमण विरोधी अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर उपायुक्त आरपी बैस के नेतृत्व में टीम ने शारदा लॉज के सामने सब्जी मंडी, काली मंदिर रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क व सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई में यातायात पुलिस ने भी सहयोग किया। निगम की टीम ने कार्रवाई से पहले अनाउंसमेंट कर अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी। इसके बाद सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। फिलहाल जुर्माने की कार्रवाई नहीं की गई है और हटाए गए सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। उपायुक्त आरपी बैस ने बताया कि इन क्षेत्रों में अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमण हटने से आवागमन सुगम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद भी इन क्षेत्रों में निगरानी जारी रहेगी तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने व्यापारियों से निर्धारित स्थानों पर ही कारोबार करने और सड़क व सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
