सिंगरौली। मोरवा पुलिस ने खदान में हुई डकैती के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर की राइफल, पांच जिंदा कारतूस, चोरी का केबल वायर, लोहे के बिजली के खंभे और तीन मोटरसाइकिल समेत करीब 3.30 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल होना स्वीकार किया है।
मोरवा पुलिस ने खदान में हुई डकैती और चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 315 बोर की राइफल, पांच जिंदा कारतूस, कंडक्टर वायर, लोहे के बिजली के खंभे और तीन मोटरसाइकिल सहित करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 3 अगस्त को खदान में ड्यूटी के दौरान करीब 20-25 बदमाशों ने फरियादी गीतम सिंह के साथ मारपीट कर 315 बोर की राइफल और करीब 80 मीटर कॉपर केबल लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने कांटा मोड़ नर्सरी के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में ठाकुर प्रसाद साकेत (37) निवासी बड़ोखर थाना बरगवां और नंदलाल साकेत (35) निवासी बड़ोखर, हाल चटका रेलवे पुलिया के पास मोरवा ने खदान डकैती की वारदात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई राइफल और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने जयंत खदान और निगाही खदान से कंडक्टर वायर चोरी करने की बात भी कबूल की। पुलिस ने चोरी के अन्य मामलों में भी कार्रवाई करते हुए कंडक्टर वायर, बिजली के खंभे और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच और उनकी तलाश जारी है।
