सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के कसर में मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पार करते समय दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के कसर में मंगलवार रात करीब 7 से 8 बजे रेलवे ट्रैक पार करते समय दर्दनाक हादसा हो गया। विपरीत दिशा से अचानक आई ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, जगदीश गुर्जर (60) अपनी बेटी को छोड़ने के बाद बेटे बंधुलाल गुर्जर (31) और एक अन्य श्रमिक जगनरायण साहू निवासी रैलामाड़ा के साथ रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से जगदीश और बंधुलाल घायल हो गए, जबकि जगनरायण की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर हालत में जगदीश और बंधुलाल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान जगदीश की मौत हो गई। हादसे के दौरान जगदीश की बेटी ट्रैक से कुछ दूरी पर थी, जिससे वह बाल-बाल बच गई। सूचना मिलने पर बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि घायल बंधुलाल के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है।
