सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से परेशान 28 वर्षीय अरविंद पाल मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक टॉवर से पत्नी को बुलाने की मांग करते हुए जोर-जोर से चिल्लाता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से परेशान 28 वर्षीय अरविंद पाल मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक ऊपर से पत्नी को बुलाने की मांग करते हुए जोर-जोर से चिल्लाता रहा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह पहले पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। करीब डेढ़ घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और परिजनों की समझाइश पर युवक किसी तरह नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने पति के खिलाफ पूर्व में शिकायतें भी दर्ज कराई थीं। कुछ दिन पहले पत्नी बिना बताए घर से चली गई थी और वापस नहीं लौटी। इसी बात से परेशान होकर युवक टॉवर पर चढ़ गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा रहे और कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करते नजर आए।
