सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नए अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने मंगलवार को पदभार ग्रहण किया। खनन क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले जयकुमार ने भारत के साथ विदेशों में भूमिगत और खुली मशीनीकृत कोयला खदानों तथा लिग्नाइट खनन के क्षेत्र में कार्य किया है।
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नए अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के रूप में एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने मंगलवार को पदभार ग्रहण किया। उन्हें खनन क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने भारत के साथ विदेशों में भूमिगत एवं खुली मशीनीकृत कोयला खदानों के अलावा लिग्नाइट खनन और संचालन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। एनसीएल सीएमडी का पदभार संभालने से पहले जयकुमार साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में निदेशक (तकनीकी/संचालन) के रूप में कार्यरत थे। एसईसीएल में उन्होंने खदानों के आधुनिकीकरण और मशीनीकरण को बढ़ावा देने के साथ उत्पादन, प्रेषण और अधिभार हटाव में कंपनी के बेहतर प्रदर्शन में योगदान दिया। उन्होंने सौर ऊर्जा, ग्रीन मोबिलिटी, कोल गैसीफिकेशन और एनर्जी स्टोरेज जैसी दीर्घकालिक पहलों के साथ कोयला सैंपलिंग में तकनीक आधारित ऑटोमेशन और पारदर्शिता को भी बढ़ावा दिया। इससे पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड सहित विभिन्न संस्थानों में तकनीकी एवं परिचालन दायित्व संभाल चुके हैं। खनन अभियांत्रिकी में स्नातक जयकुमार ने पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा और मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए किया है। उन्होंने करियर की शुरुआत सिंगरैनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड से की थी और इंडोनेशिया की कोयला खनन परियोजना में भी नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाई है।
