सिंगरौली। कोतवाली थाना क्षेत्र के खुटार साकेत बस्ती में चोरी की वारदात सामने आने के बाद क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात चोरों ने घर और मेडिकल स्टोर को निशाना बनाकर करीब 13 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। खुटार साकेत बस्ती में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात चोरों ने एक घर और मेडिकल स्टोर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित अजीम कुमार शाह के मुताबिक, रात में दुकान बंद करने के बाद वह घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर दुकान में दाखिल हुए और लॉकर तोड़कर करीब 13 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने वारदात से पहले घर के बाहर और आंगन में लगे बिजली के बल्ब तोड़ दिए, जिससे मौके पर अंधेरा हो गया। दुकान के सीसीटीवी कैमरे में चोर की गतिविधियां कैद हुई हैं, लेकिन नकाब के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यदि इलाके में पुलिस की नियमित रात्रि गश्त प्रभावी होती तो चोरों के लिए इस तरह वारदात को अंजाम देना आसान नहीं होता। चोरी की घटना ने कोतवाली पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश में जुटी है।
