सिंगरौली। विंध्यनगर थाना क्षेत्र के जयंत मस्जिद मार्केट में गुरुवार शाम कंचन ज्वेलरी दुकान में हुई हथियारबंद लूट की वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त मार्केट में चार बदमाशों के दो बाइक से पहुंचने और हथियार के बल पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाने से व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
विंध्यनगर थाना क्षेत्र के जयंत मस्जिद मार्केट में गुरुवार शाम करीब 6 बजे हथियारबंद बदमाशों ने कंचन ज्वेलरी दुकान में लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बाजार में मौजूदगी के बावजूद चार बदमाश दो बाइक से पहुंचे, दुकान में दाखिल हुए और हथियार के बल पर सोने की चेन लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर दुकानदार और कर्मचारी को भी निशाना बनाया गया। बताया गया कि दो बदमाश दुकान के अंदर गए, जबकि उनके दो साथी बाहर खड़े रहे। अंदर पहुंचे बदमाशों ने दुकानदार अखिलेश सोनी से सोने की चेन दिखाने को कहा। मौका मिलते ही दोनों चेन लेकर भागने लगे। दुकानदार ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने कट्टे की बट से उसके सिर पर वार कर दिया। दुकान कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। आरोप है कि उसे डराने के लिए बदमाशों ने कट्टे से गोली चला दी, जो उसकी हथेली में जा लगी। इसके बाद चारों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए।
