बहराइच। जिले में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक ही परिवार पर हुए भयानक हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल (मजरा रामनगर) गांव में मामूली पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, पिता द्वारा बेची गई जमीन और गहनों के पैसे न मिलने को लेकर बेटे ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से अपने माता-पिता, दादी और बहन पर हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में शिताला (82), संजू देवी (60), पार्वती (20) और बडलूराम (62) की मौके पर ही मौत हो गई। तीन महिलाएं इस घटना की शिकार बनीं।
जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल (मजरा रामनगर) गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात ऐसी वारदात हुई, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। मामूली पारिवारिक विवाद ने कुछ ही पलों में चार जिंदगियां छीन लीं और दो लोगों को जिंदगी-मौत के बीच झूलने पर मजबूर कर दिया। बताया जा रहा है कि जमीन और गहनों की बिक्री से मिले पैसों को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। आधी रात अचानक घर से चीख-पुकार की आवाजें उठीं। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक घर के आंगन और कमरों में खून बिखर चुका था। हमले में शिताला (82), संजू देवी (60), पार्वती (20) और बडलूराम (62) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तीन महिलाएं इस खूनी घटना की शिकार बनीं। गुरुदेव (40) और निरंकार (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। निरंकार की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। दिल दहला देने वाली बात यह रही कि उसी घर में मौजूद एक मासूम बच्चा सुरक्षित मिला, जिसे पुलिस ने तत्काल अपनी निगरानी में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी रात में ही गांव पहुंचे। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और हर चेहरे पर दहशत साफ झलक रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
