मुजफ्फरनगर। जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। दुर्घटना तितावी थाना क्षेत्र के हैदरनगर-जलालपुर मार्ग पर हुई, जहां तेज रफ्तार स्कूल बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पिता और उसके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को तबाह कर दिया। तितावी थाना क्षेत्र के हैदरनगर-जलालपुर मार्ग पर तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें पिता और दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान महिपाल (45), उनके बेटे अभि (8) और बेटी राधिका (12) के रूप में हुई है। हादसे के समय चारों एक ही बाइक पर सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में महिपाल की पत्नी पूनम (40) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस चालक सुरेंद्र को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
