प्रतापगढ़। जिले में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां मंदिर दर्शन के लिए जा रहे एक युवक की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जिले के अंतू थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां मंदिर दर्शन के लिए जा रहे युवक की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, डुहिया गांव निवासी पंकज शुक्ला (32) ग्राम प्रधान पवन यादव के साथ बाइक से चंद्रिका देवी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में रैबीरजानीपुर गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एएसपी प्रशांत राज हुड्डा के अनुसार, हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
