मेरठ। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण लगी आग में एक व्यक्ति की जान चली गई।
जिले मे एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र की लोधी वाली गली स्थित एक मकान में गैस सिलेंडर से रिसाव के चलते अचानक आग लग गई, जिसमें एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर में एलपीजी सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। जैसे ही माचिस जलाई गई, आग तेजी से फैल गई और पूरा कमरा धुएं से भर गया। इसी दौरान अंदर मौजूद योगेश नामक व्यक्ति दम घुटने से बेहोश हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आग की चपेट में आने से वह आंशिक रूप से झुलस भी गया था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। नगर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
