प्रयागराज। जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गेहूं की मड़ाई के दौरान एक किशोर थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गया। घटना बहरिया थाना क्षेत्र के मजूरा गांव की है।
जानकारी के अनुसार, मजूरा गांव निवासी सुमित कुमार (18) पुत्र राजकुमार खेत में मड़ाई का काम कर रहा था। इसी दौरान गेहूं का बोझ थ्रेसर में डालते समय उसका हाथ मशीन में फंस गया। इससे पहले कि वह खुद को संभाल पाता, मशीन ने उसे अपनी ओर खींच लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। किशोर के दोनों हाथ मशीन के अंदर चले गए और केवल पैर बाहर दिखाई दे रहे थे। यह देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मशीन बंद कराई और कड़ी मशक्कत के बाद सुमित को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। बताया जा रहा है कि भूसे के साथ खून भी बाहर निकल रहा था, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सुमित कक्षा 10 का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी कर परिवार का हाथ भी बंटाता था। उसका बड़ा भाई वैभव दिल्ली में निजी नौकरी करता है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।
