चमत्कार: 27 वर्षीय महिला ने एक साथ 04 बच्चों को दिया जन्म।

महाराष्ट्र। कभी-कभी ज़िंदगी ऐसी खुशियां देती है जो कल्पना से परे होती हैं। महाराष्ट्र के सातारा जिले में एक अजीबो-गरीबो एंव हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश मे आया है यहाँ साधारण परिवार की महिला ने असाधारण चमत्कार कर दिखाया है। 27 वर्षीय काजल विकास खाकुर्डिया ने एक साथ 04 बच्चों को जन्म देकर पूरे जिले को हैरत और खुशी से भर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार सातारा जिले में 27 वर्षीय काजल विकास खाकुर्डिया ने एक साथ 04 बच्चों को जन्म देकर पूरे जिले को हैरत और खुशी से भर दिया है। उक्त डिलीवरी सातारा के क्रांतिसिंह नाना पाटिल जिला अस्पताल में हुई, जहां सी-सेक्शन ऑपरेशन के ज़रिए चारों बच्चों का सुरक्षित जन्म हुआ। डॉक्टर देसाई, डॉ. सलमा इनामदार, डॉ. खडतरे, डॉ. झेंडे और डॉ. दीपाली राठौड़ समेत पूरी टीम ने मिलकर इस मुश्किल केस को सफल बनाया। बच्चों का वजन सामान्य से कम (1200–1600 ग्राम) होने के कारण उन्हें फिलहाल NICU में रखा गया है। काजल के पति विकास खाकुर्डिया मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं और पुणे के सासवड में राजमिस्त्री का काम करते हैं। आर्थिक रूप से साधारण परिवार में हुई यह खुशियों की बरसात हर किसी के चेहरे पर मुस्कान ले आई है। एक साथ इतने बच्चों का जन्म बेहद कम देखने को मिलता है। मोरक्को में एक महिला ने 9 बच्चों को जन्म दिया था, वहीं पाकिस्तान में भी एक महिला ने 7 बच्चों को जन्म दिया था। सातारा की यह घटना भी अब उन्हीं दुर्लभ मामलों की सूची में शामिल हो गई है।
पहले तीन, अब चार, कुल सात बच्चों की मां काजल-
27 वर्षीय महिला की यह तीसरी डिलीवरी थी। पहली बार महिला ने जुड़वां (एक बेटा और एक बेटी) को जन्म दिया था, दूसरी बार एक बेटी हुई थी। अब तीसरी बार उन्होंने एक साथ चार बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) जन्म दिया है। इस तरह 27 वर्षीय काजल के आंचल में अब सात नन्हीं जानें आ चुकी हैं।





