15 फीट का अजगर और सर्पमित्र की जंग, घायल होने के बाद भी थामा हौसला।

सीहोर। शुक्रवार रात बुधनी रेलवे स्टेशन परिसर का पार्क जंग का मैदान बन गया। एक ओर था 15 फीट लंबा अजगर, तो दूसरी ओर अकेले खड़े थे सर्पमित्र अशोक पारे। स्थानीय लोगों की सांसें थमी हुई थीं, तभी अजगर को काबू करने पहुँचे अशोक पारे पर अचानक हमला हो गया।
बुधनी रेलवे स्टेशन परिसर का पार्क किसी रोमांचक फिल्म का सीन बन गया। अचानक घास के बीच से 15 फीट लंबा अजगर निकला तो टहल रहे लोग दहशत में भाग खड़े हुए। चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच बुलाए गए सर्पमित्र अशोक पारे मौके पर पहुँचे। उन्होंने जैसे ही अजगर को पकड़ने की कोशिश की, तभी अजगर ने पलटवार किया और उनके हाथ पर जोरदार काट लिया। लोग चीख उठे, पर घायल अशोक पारे पीछे नहीं हटे। खून बहता रहा, मगर उन्होंने हिम्मत और हौसले के दम पर स्थानीय लोगों की मदद से उस खूँखार अजगर को बोरी में बंद कर दिया। अब अशोक पारे अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन इलाके में उनकी बहादुरी की चर्चा हर किसी की जुबान पर है।





