अस्पताल में लापरवाही पर कलेक्टर की सख्ती, सिविल सर्जन सहित RMO को कारण बताओ नोटिस

सिंगरौली। जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर में अव्यवस्था पाए जाने पर कलेक्टर गौरव बैनल ने औचक निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति कम मिली तथा अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर नाराज कलेक्टर ने सिविल सर्जन, आर.एम.ओ. और हॉस्पिटल मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।
कलेक्टर गौरव बैनल ने जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति कम मिली तथा अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर नाराज कलेक्टर ने सिविल सर्जन, आर.एम.ओ. और हॉस्पिटल मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। कलेक्टर ने स्वच्छता कार्य में लापरवाही बरतने पर एजेंसी की एक माह की राशि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने हेल्पडेस्क का निरीक्षण करते हुए शिकायत पेटी व शिकायत पंजी तत्काल रखने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीज या परिजन अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मैटरनल वार्ड, आईसीयू, मेडिकल वार्ड, इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब और जनरल वार्ड का जायजा लेकर मरीजों से हालचाल जाना। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन हो, डॉक्टर रोस्टर के अनुसार उपस्थित रहें और भर्ती मरीजों का नियमित चेकअप किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अनुपस्थित डॉक्टर व स्टाफ का एक दिन का वेतन काटा जाए। उन्होंने महिला वार्ड में यह भी कहा कि प्रसव के बाद भर्ती महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ तुरंत दिया जाए और इसका रिकॉर्ड भी रखा जाए।





