न्यूजमध्य प्रदेश
घर का छज्जा गिरा, रिटायर्ड DSP की मौके पर मौत।

देवास। विजय नगर कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब अचानक मकान की बालकनी का पुराना छज्जा भरभराकर गिर गया। हादसे में रिटायर्ड डीएसपी हिम्मत सिंह राणा (71) मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय राणा घर में नीचे अकेले बैठे थे। तभी जर्जर हो चुका छज्जा अचानक ढह गया और वे उसके नीचे दब गए। हादसे की जोरदार आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा और मलबा हटाकर राणा का शव बाहर निकाला। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे में किसी और के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।





