कौशांबी। जिले के महेवा घाट थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन के बंटवारे को लेकर दो सगे बेटों ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
महेवा घाट थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक परिवार को खून से रंग दिया। अजरौली गांव में दो सगे बेटों ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना से गांव में दहशत और शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय नथन सरोज शनिवार शाम खेत से घर लौट रहे थे, तभी उनके बेटों झुरई और लवलेश ने रास्ते में घेरकर उन पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने खेत से शव बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि नथन सरोज ने अपनी दूसरी पत्नी के बेटे राहुल को जमीन में एक-तिहाई हिस्सा दे दिया था, जिससे दोनों बड़े बेटे नाराज चल रहे थे। इसी रंजिश के चलते उन्होंने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने राहुल की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
