झांसी। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर पारिवारिक कलह एक खौफनाक वारदात में बदल गई। ग्राम आतेपई में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नेपाल सिंह का अपनी पत्नी शीलावती (50) से घरेलू विवाद हो गया था। विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी की जान ले ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि मृतका के पुत्र सौरभ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है। परिजनों के अनुसार, नशे की आदत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
