अमरोहा। जिले के देहात थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर प्रेमी संग फरार हो गई। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों को चर्चित बावनखेड़ी शबनम कांड की याद दिला दी है।
देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। आरोप है कि युवती ने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। जानकारी के मुताबिक, किसान परिवार ने बेटी की शादी 5 अप्रैल को तय की थी और घर में तैयारियां जोरों पर थीं। 29 मार्च की रात गांव के ही रिजवान और उसका साथी जुनैद घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने साजिश के तहत खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य बेहोश हो गए। रात में घर से कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। मौके पर पहुंचकर उन्होंने सभी को अचेत अवस्था में पाया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। होश आने पर परिजनों को बेटी के गायब होने का पता चला। बाद में जानकारी मिली कि युवती अपने प्रेमी रिजवान के साथ फरार हो गई है, जिसमें जुनैद ने मदद की। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों को बावनखेड़ी शबनम कांड की याद दिला दी है। पुलिस ने मामले में रिजवान और जुनैद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।
