सिंगरौली। नवीन शिक्षण सत्र 2026-27 के आगाज पर जिले भर के शासकीय स्कूलों में ‘स्कूल चले हम’ प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न में आयोजित हुआ, जहां राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, कलेक्टर गौरव बैनल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, स्टेशनरी किट एवं पात्र छात्रों को साइकिलें वितरित की गईं।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देने की जरूरत है।
कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि प्रवेश अभियान के दौरान शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवाएं, खेल सुविधाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें लीं और मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। जिले के सभी स्कूलों में इसी तरह उत्साह के साथ प्रवेशोत्सव मनाया गया।
