सिंगरौली। जिले में बेटियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई है।
जिला स्वास्थ्य समिति सिंगरौली द्वारा एकलव्य एवं माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, गड़ेरिया में छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई और टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसका उद्देश्य किशोरी बालिकाओं को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। टीकाकरण के बाद छात्राओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में उत्साह देखने को मिला और सभी ने जागरूकता के साथ टीका लगवाया। जिला स्वास्थ्य समिति का कहना है कि बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
