अशोकनगर। जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नई सराय थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर तालाब में डूबने से तीन नाबालिग दोस्तों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, छह दोस्त रोज की तरह तालाब नहाने गए थे। इसी दौरान तीन किशोर गहराई में चले गए और देखते ही देखते पानी में डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा गहराई और घबराहट के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों किशोरों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान मयंक (16), देव (16) और ओम (15) के रूप में हुई है, जो अजलेश्वर गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि तीनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
