सिंगरौली। एक मई से प्रारंभ होने वाली मकान गणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (व्हीसी) के माध्यम से चार्ज अधिकारियों, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं पीसीओ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिले में 1 मई से शुरू होने वाली मकान गणना को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इस संबंध में सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चार्ज अधिकारियों, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और पीसीओ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि मकान गणना के दौरान ग्राम पंचायतों के सचिव और रोजगार सहायक प्रगणकों को हर संभव सहयोग दें, ताकि मकानों की क्रम संख्या तय करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीईओ ने निर्देश दिए कि जनगणना से पहले सभी पंचायतों में मकानों की सही और पूरी सूची तैयार की जाए तथा भवनों की नंबरिंग में किसी प्रकार की गलती न हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मकान की डुप्लीकेट नंबरिंग न हो। उन्होंने भवनों पर कत्थई रंग के ऑयल पेंट से स्पष्ट नंबर लिखने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य निर्माणाधीन मकानों की अलग से सूची तैयार रखने को कहा गया। उन्होंने जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि वे चार्ज अधिकारियों से नियमित संपर्क में रहें और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट तैयार कर जिला जनगणना अधिकारी को भेजें। दूरस्थ पंचायतों में मकान गणना के दौरान सरपंच और पंचों का सहयोग लेने के भी निर्देश दिए गए। सीईओ ने सभी अधिकारियों से कहा कि इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में पूरा करें और आम जनता को स्वगणना के लिए भी प्रेरित करें।
