रामपुर। जिले में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नेपाल के रहने वाले पति-पत्नी और उनकी साली को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
तेलंगाना में हुई करोड़ों की सनसनीखेज चोरी का राज आखिरकार रामपुर में खुल गया। बिलासपुर पुलिस, एसओजी और तेलंगाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेपाल से जुड़े एक कथित अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से करीब 12 करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में पति-पत्नी और उनकी साली शामिल हैं। टीम ने डिबडिबा ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर तीनों को दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 7 किलो सोना और 1.5 किलो चांदी के जेवर मिले, जिन्हें तेलंगाना में हुई बड़ी चोरी से जुड़ा माना जा रहा है। जांच में सामने आया है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राज्य बदल-बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, तेलंगाना पुलिस की सूचना और रामपुर पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। फिलहाल पुलिस बरामद जेवरों के मालिकों की पहचान और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
