रीवा। जिले के त्योंथर तहसील कार्यालय में लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबू अनिल त्रिपाठी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता के पक्ष में फैसला करवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए त्योंथर तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, जनेह थाना क्षेत्र के डाढ़ा कला निवासी अजय मिश्रा ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि त्योंथर तहसील में पदस्थ बाबू अनिल त्रिपाठी एक प्रकरण के निराकरण और फैसला पक्ष में करवाने के बदले 80 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने लोकायुक्त रीवा से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर आरोपी बाबू को 9500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार ने किया। वहीं एसपी लोकायुक्त सुनील पाटीदार ने बताया कि मामले में आगे विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
