बुलंदशहर। जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब एक बंदर 2 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। कुछ ही देर बाद वह पास के नीम के पेड़ पर बैठकर बैग से 500-500 रुपये के नोट नीचे फेंकने लगा। इस अनोखी घटना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बुलंदशहर में कोर्ट परिसर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बंदर 2 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद उसने बैग फाड़ दिया और पेड़ से 500-500 रुपये के नोट नीचे बरसाने लगा। इस अनोखे घटनाक्रम को देखकर कोर्ट परिसर में मौजूद लोग हैरान रह गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, रविंद्र लोधी राजू नाम का युवक अपने परिवार की प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के लिए कोर्ट पहुंचा था। उसे स्टांप पेपर खरीदने के लिए 2 लाख रुपये से भरा बैग दिया गया था। जैसे ही वह स्टांप विक्रेता की ओर बढ़ा, तभी एक बंदर ने झपट्टा मारकर बैग छीन लिया और पास के नीम के पेड़ पर जा बैठा। पेड़ पर पहुंचकर बंदर ने बैग को खाने की चीज समझकर फाड़ना शुरू कर दिया। बैग खुलते ही उसमें रखे 500-500 रुपये के नोट नीचे गिरने लगे। अचानक नोटों की बारिश देखकर वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग नोट समेटने लगे, जबकि कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से नोटों को सुरक्षित इकट्ठा किया। काफी मशक्कत के बाद कुल 1 लाख 98 हजार रुपये बरामद कर लिए गए और उनके असली मालिक को सौंप दिए गए। हालांकि, करीब 2 हजार रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। इस अनोखी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कोर्ट परिसर में बंदरों की बढ़ती संख्या और उनके उत्पात को लेकर भी एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना कुछ देर के लिए लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही और कोर्ट परिसर में किसी फिल्मी दृश्य जैसा माहौल बन गया।
