सिंगरौली। जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के करामी गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। चिप्स की डिलीवरी लेकर जा रही तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर एक कच्चे मकान में जा घुसी। हादसे में घर के अंदर काम कर रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।
जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के करामी गांव में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर घर में घुस गया, जिससे घर के अंदर बैठी महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 66 एल 0425 चिप्स की डिलीवरी देने गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि डिलीवरी में देर होने के कारण चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर एक कच्चे मकान की दीवार तोड़ते हुए घर के अंदर जा घुसा। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद 55 वर्षीय जुकनी पनिका पत्नी जनकधारी पनिका मसाला कूट रही थीं। पिकअप की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही माड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने की भी मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
