मथुरा। जिले के एक निजी स्कूल में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां नर्सरी में पढ़ने वाली 3 साल की बच्ची की तबीयत खराब होने पर स्कूल प्रशासन ने इलाज की व्यवस्था करने के बजाय उसकी मां से ही फर्श साफ करवाया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विरोध के बाद मथुरा के एक निजी स्कूल का अमानवीय व्यवहार सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में तबीयत खराब होने पर 3 साल की बच्ची की मदद करने के बजाय उसकी मां से ही फर्श साफ करवाया गया। पीड़ित मां प्रियंका शर्मा के अनुसार उनकी 3 वर्षीय बेटी, जो बालाजी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में नर्सरी की छात्रा है, 8 मई को स्कूल में अचानक बीमार हो गई और उसे उल्टियां होने लगीं। आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने बच्ची का इलाज कराने या प्राथमिक सहायता देने के बजाय उसे करीब दो घंटे तक उसी हालत में बैठाए रखा। महिला का कहना है कि स्कूल से बुलाए जाने पर उनसे फर्श साफ करवाया गया और विरोध करने पर बच्ची का दाखिला रद्द करने की धमकी भी दी गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। विवाद बढ़ने पर स्कूल प्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने गोविंद नगर थाना प्रभारी को लिखित माफीनामा सौंपा। अधिकारियों के मुताबिक, स्कूल प्रबंधन ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने देने और स्कूल में साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्था बेहतर करने का आश्वासन दिया है।
