हेल्थ डेस्क। फिटनेस को लेकर अक्सर माना जाता है कि पसंदीदा खाने से दूरी बनाकर ही खुद को फिट रखा जा सकता है। लेकिन अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल की डाइट इस धारणा से अलग नजर आती है। 49 वर्षीय अभिनेत्री के रोजमर्रा के खानपान में पराठा, पोहा, सैंडविच, दाल-सब्जी, रोटी-चावल के साथ चाय और बिस्किट भी शामिल हैं।
अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल अपनी फिटनेस को लेकर चर्चा में रहती हैं। खास बात यह है कि उनका डाइट रूटीन किसी सख्त सेलिब्रिटी डाइट जैसा नहीं है। 49 साल की दीपशिखा के खानपान में घर का सामान्य खाना शामिल है और वह अपनी पसंद की चीजों को पूरी तरह छोड़ने के बजाय संतुलित मात्रा और नियमितता पर जोर देती हैं। दीपशिखा सुबह नाश्ते में कभी आलू या गोभी का पराठा, तो कभी पोहा या सैंडविच खाती हैं। इसके साथ चाय भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। नाश्ते के करीब दो घंटे बाद वह फल या नींबू पानी लेती हैं। दोपहर के भोजन में घर की बनी दाल, सब्जी, रोटी, चावल और सलाद शामिल रहता है। शाम को चाय के साथ बिस्किट भी वह लेती हैं। वहीं, रात का खाना वह आमतौर पर शाम 7:30 से 8 बजे के बीच कर लेती हैं। दीपशिखा की डाइट से यह बात सामने आती है कि फिट रहने के लिए हर पसंदीदा भोजन को पूरी तरह छोड़ना जरूरी नहीं है। भोजन की मात्रा, संतुलन और नियमित दिनचर्या पर ध्यान देना भी महत्वपूर्ण है। हालांकि, किसी सेलिब्रिटी की डाइट को बिना अपनी जरूरत समझे अपनाने के बजाय व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतों के अनुसार आहार तय करना बेहतर है।
