बुलंदशहर। जिले में 51 साल पुरानी शादी उस समय टूटने की कगार पर पहुंच गई, जब 70 वर्षीय पत्नी और 75 वर्षीय पति के बीच विवाद बढ़ गया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों को बुलाकर काउंसिलिंग की गई। समझाइश के बाद पति ने पत्नी को हर माह 5 हजार रुपये देने और उसकी जरूरतों का ध्यान रखने का भरोसा दिया।
शादी के 51 साल बाद 70 वर्षीय पत्नी और 75 वर्षीय पति का रिश्ता तलाक की दहलीज तक पहुंच गया। विवाद पुलिस तक पहुंचा तो दोनों को बुलाकर काउंसिलिंग की गई। समझाइश के बाद पति ने पत्नी को हर महीने 5 हजार रुपये देने का वादा किया। पुलिस की पहल के बाद दंपती ने साथ रहने पर सहमति जताई। जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग दंपती के चार बेटे हैं। इनमें दो बेटे वकील और दो दुकानदार हैं। समय के साथ परिवार में ऐसी स्थिति बनी कि दो बेटों ने मां और दो बेटों ने पिता को अपने साथ रख लिया। अलग-अलग रहने के दौरान पति-पत्नी के बीच दूरियां बढ़ती गईं और दोनों की बातचीत तक बंद हो गई। कुछ दिन पहले पति अपनी वृद्ध पत्नी को अपने साथ घर ले आया। इसी दौरान पत्नी की तबीयत खराब हो गई। उसने दवाई के लिए पति से पैसे मांगे, लेकिन पति ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। बात इतनी बढ़ी कि दंपती के रिश्ते में तलाक की नौबत आ गई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को बुलाकर समझाइश दी और काउंसिलिंग की। पुलिस की बातचीत के बाद पति पत्नी की जरूरतों का ध्यान रखने और हर महीने 5 हजार रुपये देने पर राजी हुआ। साथ ही उसने पत्नी को आगे किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का भरोसा दिया। पुलिस की समझाइश के बाद 51 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को टूटने से बचाने की कोशिश सफल रही। बुजुर्ग दंपती के बीच दोबारा संवाद कायम कराने के लिए पुलिस की काउंसिलिंग को परिवार के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
