जुए में पत्नी को दांव पर लगाया, 8 लोगों ने किया गैंगरेप; नवविवाहिता ने लगाई न्याय की गुहार

बागपत। जिले के बिनोली थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ ऐसे आरोप लगाए हैं, जिन्होंने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। पीड़िता के अनुसार उसका पति शराब और जुए की लत में डूबा हुआ था, और इसी दौरान उसने पत्नी को जुए में दांव पर लगा दिया। पति के हारते ही वहां मौजूद आठ लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
बिनोली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक नवविवाहिता ने अपने पति और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। निवाड़ा गांव की पीड़िता की शादी 24 अक्टूबर 2024 को मेरठ के खिवाई निवासी दानिश से हुई थी। पीड़िता का दावा है कि पति ने शराब और जुए की लत के चलते उसे जुए में दांव पर लगा दिया, जिसके बाद आठ लोगों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इनमें से तीन आरोपियों की पहचान— उमेश गुप्ता, मोनू और अंशुल— के रूप में हुई है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद उसके जेठ, ननदोई और ससुर ने भी उसके साथ ज्यादती की। गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने व पैरों पर तेजाब डालने तक की बात सामने आई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष उसे नदी में धक्का देकर मारने की भी कोशिश कर चुका है। किसी तरह बचकर मायके पहुंची पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी पक्ष पर मामले को वापस लेने का दबाव बनाने का भी आरोप है। पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





