सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने देवसर क्षेत्र अंतर्गत स्थित धनहा तालाब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने कहा कि तालाब के संरक्षण और विकास से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब के आसपास स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और हरियाली विकसित की जाए। इसके साथ ही तालाब परिसर में आवश्यकतानुसार बैठने की व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत देवसर अध्यक्ष प्रणव पाठक, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
